ये है मेरा प्यारा बिहार
ये है मेरा प्यारा बिहार
________________
जिसका अतीत है मगध-मौर्य
और चंद्रगुप्त का अमर शौर्य
गुरु चाणक्य की राजनीति
और आर्यभट्ट की ज्यामिति
ये है अशोक का रण कौशल
ये जरासंध का बाहुबल
ये नालंदा-विक्रमशिला
जहां से दुनिया को ज्ञान मिला
यहां शासन का नव मंत्र रचा
वैशाली में गणतंत्र रचा
ये बौद्ध जैन की जन्म धरा
महावीर-बुद्ध की परंपरा
सिक्खों के गुरु गोविंद यहां
धर्मों की धरा अभिन्न यहां
ये शेरशाह का सासाराम
ये पीर अली का बलिदान
ये वीर कुंवर सिंह की भूमि
ये बिरसा मुंडा की जननी
ये गांधी का चंपारण है
ये जयप्रकाश का सारण है
राजेंद्र बाबू का स्वप्न अटल
श्री कृष्ण सिंह का राज पटल
जन्मे थे यहीं खुदीराम बोस
जन्मे थे यहीं अरबिंदो घोष
इसमें मिथिला की है मिठास
होता है यहां छठ पर्व खास
यहां सीतामढ़ी में सीता है
मधुबनी कला की अस्मिता है
पर्वत सा अटल अडिग भी है
दशरथ मांझी की जिद भी है
ये हिमगिरि सा शीतल भी है
और गंगा सा चंचल भी है
भारत मां का हृदय है ये
अमिट अनंत अजय है ये
भारत का है ये कंठहार
ये है मेरा प्यारा बिहार... ये है मेरा प्यारा बिहार।।
– आदित्य कुमार
(बाल कवि)
Comments
Post a Comment